मुजफ्फरनगर। गांधी कालौनी में मोबाइल कंपनी के द्वारा लगाये जा रहे टावर को लेकर लोगों में बना रोष आज सड़कों पर नजर आया। लोगों ने मोबाइल टावर हटवाने की मांग करते हुए बाजार बंद कर जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि इस मामले में शिकायत करने के बाद भी प्रशासन ने कोई भी कार्यवाही नहीं की है। उन्होंने कहा कि मोबाइल टावर से क्षेत्र में बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। पहले भी यहां पर लगे एक मोबाइल टावर के कारण ही कई मौत होने की बात भी लोग कर रहे हैं। बाजार बंद करने के उपरांत क्षेत्रीय लोगों ने राज्यमंत्री कपिल देव से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की और मोबाइल टावर का काम रुकवाने की मांग करते हुए अपनी नाराजगी भी प्रकट की। राज्यमंत्री ने अफसरों को समस्या के निस्तारण के निर्देश दिये हैं।
बता दें कि मोबाइल कंपनी के द्वारा गांधी कालौनी में गली नम्बर 16 में एक मकान पर टावर लगवाया जा रहा है। इस टावर का क्षेत्रीय लोगों के द्वारा भारी विरोध किया जा रहा है। गुरूवार को भी इसको लेकर हंगामा खड़ा हो गया था। मौहल्ले के लोगों ने घनी बस्ती में मोबाइल टावर लगाने का विरोध किया तो टावर लगाने का काम कर रहे कर्मचारियों ने वहां पर एकत्र हुए महिला एवं पुरुषों के साथ अभद्रता की थी। कर्मचारियों ने मारपीट का भी प्रयास किया। मौहल्ले के लोगों ने स्पष्ट कर दिया था कि यहां पर मोबाइल टावर नहीं लगाने दिया जायेगा। इससे बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाता है। कर्मचारियों से विवाद बढ़ने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने फिलहाल के लिए काम रुकवा दिया था, लेकिन लोगों ने मोबाइल टावर हटाये जाने की मांग करते हुए जिलाधिकारी व नगर मजिस्ट्रेट से शिकायत की। इस पर कोई भी कार्यवाही नहीं होने से लोगों में आज रोष दिखायी दिया। सवेरे ही बाजार में एकत्र लोगों ने प्रदर्शन किया और दुकानदारों ने भी गांधी कालौनी का मुख्य बाजार बंद रखकर इस प्रदर्शन को समर्थन दिया। लोगों का कहना है कि मोबाइल टावर लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट के द्वारा दिशा निर्देश जारी किये गये है, जिसके अन्तर्गत घनी बस्ती और आबादी में मोबाइल टावर नहीं लगाया जा सकता है। पहले ही कालौनी में एक मोबाइल टावर लगा होने के कारण लोगों का मानना है कि उससे कैंसर जैसी घातक बीमारी का शिकार लोग हो रहे है। इन लोगों का कहना है कि मौहल्ले में चार आकस्मिक और गंभीर बीमारी से मौत इसी मोबाइल टावर के कारण हुई हैं। इससे लोगों में भय की स्थिति भी बनी हुई है।
गांधी कालोनी बाजार को बंद रखकर प्रदर्शन करने के दौरान लोगों ने जिला प्रशासन के खिलाफ आक्रोश भी जाहिर किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के संज्ञान में होने के बाद भी मोबाइल टावर को लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने बाद में सभासद और भाजपा नेता प्रेमकुमार उर्फ पे्रमी छाबड़ा, पूर्व सभासद पवन अरोरा, सतपाल सिंह आदि के साथ गांधीनगर स्थित राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की। लोगों ने स्पष्ट कहा कि वह किसी भी सूरत में गली नम्बर 16 में मोबाइल टावर नहीं लगने देंगे। लोगों ने मंत्री कपिल देव से इस सम्बंध में कार्यवाही करने की मांग की। इन लोगों के सामने ही मंत्री कपिल देव ने नई मण्डी थाना प्रभारी संजीव कुमार को फोन कर मोबाइल टावर के सम्बंध में कार्यवाही करने के निर्देश दिये। मंत्री कपिल देव ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी भावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्यवाही की जायेगी। मंत्री से मुलाकात करने के बाद सभी लोग कलेक्ट्रेट पहंुचे और डीएम सेल्वा कुमारी जे. के नाम एक ज्ञापन एडीएम फाइनेंस आलोक कुमार को सौंपकर इसमें कार्यवाही करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मोबाइल टावर नहीं हटवाया गया तो बड़ा आंदोलन किया जायेगा। वहां पर टावर लगाने के लिए कर्मचारी आये तो कोई भी घटना घटित हो सकती है, जिसका पूर्ण दायित्व जिला पुलिस और प्रशासन का होगा।
मोबाइल टावर को लेकर गांधी कालौनी का बाजार बंद