किसान जागृति दिवस के रूप में मनेगी चौ.टिकैत की जयंती

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन द्वारा आने वाली 6 अक्टूबर को चौ. टिकैत के 84वें जन्मदिवस पर पूरे देश में तहसील स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर किसान अपने मसीहा को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। आज देश का किसान चौ. टिकैत के बताये हुए रास्ते पर चलकर अपनी बात जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक कहने में सक्षम है। यह हिम्मत और हौंसला चौ. टिकैत द्वारा चलाये गये आन्दोलन के कारण ही सम्भव हो पाया है। इसी को लेकर भारतीय किसान यूनियन द्वारा चौ. टिकैत साहब की  जयंती को किसान जागृति दिवस के रूप में मनायी जाती है। चौ. टिकैत किसानों की करिश्माई नेता थे। उनके जीवन की सादगी उनके व्यक्तित्व को दर्शाती थी। चौ. टिकैत ने जीवन में कुछ आदर्श स्थापित किये जिनकी कारण आज वह अमर हैं। उनके द्वारा खड़ा किया गया किसान आन्दोलन आज भी मुखर होकर किसानों के लिए संघर्षरत है।   जनपद  में चौ. टिकैत की जयंती के अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के मुख्यालय किसान भवन सिसौली में प्रात: 8 बजे यज्ञ का आयोजन किया जायेगा। इसके बाद एक सभा का आयोजन भी किया जायेगा। जनपद के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता सिसौली कार्यकम में भाग लेंगे।