बारिश, बिजली और ओलावृष्टि से जिंदगी हलकान

मुजफ्फरनगर। शहर में कल से लगातार चल रही बारिश और ओलावृष्टि से जहां मौसम ठंडिया गया है, वहीं तमाम जगह जलभराव और कीचड से शहर बदहाल नजर आया। इसके चलते आज सुबह से ही बौछारों का सिलसिला जारी रहने से जन जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। स्कूलों में रेनी डे रहा और जो बच्चे स्कूल पहुंचे वे भी बौछारों के बीच भीगते दिखाई दिए। खतौली व जानसठ क्षेत्र में दो स्थानों पर बिजली गिरने की भी खबर है, हालांकि इससे कोई जन हानि नहीं हुई।
कल दोपहर बाद से हल्की बौछारों के बाद रात तक तेज बारिश और रात में ओलावृष्टि के चलते शहर में जिंदगी बदहाल होकर रह गई। बारिश व ओलावृष्टि के बाद लोग ठंड में सिकुडते नजर आए। कल से ही बादलों का डेरा होने के कारण बारिश व ओलावृष्टि से से तापमान में काफी गिरावट आ गई है। रात में भी बारिश के साथ कई जगह ओले पडे़। दिन में काली घटा छा गई  जबकि ठंड बढ़ने से लोग घरों में कैद हैं। इस दौरान ओलावृष्टि से फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। शासन से प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को किसानों के नुकसान का आंकलन कराने के निर्देश दिए गए हैं। काले घने बादल और सुबह से चल रही तेज हवाओं के बाद अंधेरा छाने से सड़क पर वाहनों को भी लाइट जलाकर चलना पड़ा। सुबह से हो रही बारिश और ठंड बढने से बाजारों में सन्नाटा पसरा नजर आया। 
खतौली कस्बे के ही दुर्गापुरी में  आकाशीय बिजली गिरने से विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा  जानसठ के राजपुर गांव निवासी धर्म सिंह के घेर में एक जामुन के पेड़ पर बिजली गिरने से पेड़ खाक हो गया। हालांकि इससे कोई जान माल की हानि नहीं हुई। शामली के झिंझाना के मोहल्ला सैदमीर में रात्रि में बरसात के दौरान आकाशीय बिजली गिरी। जिसके कारण एक किसान के घर में छेद हो गया है। इसका असर पड़ोसियों के घरों में भी पड़ा है। जहां पंखे व टीवी जल गए। शामली के गांव झाल के ईश्वर सिंह के मकान पर देर रात बिजली गिरने से छत में छेद हो गया। इसके कारण मकान में रखे विद्युत उपकरण जल गए। बिजली गिरने से ग्रामीणों में दहशत है।
पूरे जिले में आधी रात से रूक-रूक कर हो बारिश से ठंड भी बढ़ी है। यह हल्की बारिश किसानों के लिए लाभदायक मानी जा रही है।  तेज बारिश ने प्रदूषण से राहत दी है। वातावरण ही नहीं पेड़ पौधों पर की पत्तियों पर जमा काली परत को धो डाला। कई जगह तेज हवा बारिश के साथ ओले गिरे।  तेज बारिश से अब ठंड बढ़ जाएगी। अभी कल भी बूंदाबांदी के आसार हैं। इससे मौसम में बदलाव आएगा। पहाड़ों पर बर्फबारी होने और उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलने से मौसम और सर्द होगा।