मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल द्वारा सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सूची जारी करते हुए प्रमोद त्यागी को मुजफ्फरनगर समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष बनाने का ऐलान किया गया है। आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत उनकी नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे गौरव स्वरूप का स्थान लेंगे। इस घोषणा के बाद उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष तलाश करती ही रह गई और समाजवादी पार्टी ने आज जिलाध्यक्ष बदल दिया। पार्टी के पुराने दिग्गज प्रमोद त्यागी को एक बार फिर से जिले में पार्टी की कमान सौंपी गई है। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी पार्टी ने संगठन की कमान प्रमोद त्यागी को सौंप कर उन पर बड़ा भरोसा जताया है। प्रमोद त्यागी पहले भी जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। छात्र संघ चुनाव से लेकर बार संघ चुनावों तक अपनी राजनीतिक कुशलता का परिचय दे चुके प्रमोद त्यागी जिले में पार्टी के सबसे पुराने नेताओं में शामिल हैं। सपा के संस्थापक अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के काफी करीब रहे प्रमोद त्यागी को यह जिम्मेदारी सौंपे जाने से साफ है कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने संगठन के पुराने नेताओं पर भरोसा जता रहे हैं। प्रमोद त्यागी पार्टी में जिलाध्यक्ष रहने के साथ प्रांतीय कार्यकारिणी में भी पदाधिकारी रह चुके हैं।
प्रमोद त्यागी को मिली सपा जिलाध्यक्ष की कमान