मुजफ्फरनगर। सोमवार को सिविल बार एसोसिएशन मुजफ्फरनगर के चुनाव परिणाम मतगणना के उपरांत घोषित किये गये थे। इसमें एक ओर से सभी पदों के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिला था। वहीं दूसरी ओर मतगणना में आये परिणाम में अध्यक्ष पद के दोनों उम्मीदवारों को बराबर के मत मिले। यह मतगणना का कार्य सिविल बार एसोसिएशन के पुस्तकालय कक्ष में किया गया था। आज चुनाव अधिकारियों व प्रत्याशियों की एक बैठक आयोजित की गयी। जिसमें सर्वसम्मति से छह-छह माह की साझा सरकार अर्थात छह-छह माह दोनों के अध्यक्ष पद पर रहने पर सहमति बनी। सिविल बार एसोसिएशन की वर्ष 2020 की नयी कार्यकारिणी के चुनाव के उपरांत की गयी मतगणना में अध्यक्ष पद के दोनों प्रत्याशियों नरेश चंद गुप्ता व मनोज कुमार शर्मा को बराबर-बराबर 141-141 मत मिले थे। जिस कारण से इस पद के परिणाम को लेकर आज एल्डर कमेटी के द्वारा निर्णय लिया गया कि कार्यकारिणी वर्ष 2020 के अध्यक्ष पद पर दोनों छह-छह माह कार्य करेंगे। इसमें सर्वप्रथम छह माह के लिए नरेश चंद गुप्ता तथा शेष छह माह के लिए मनोज कुमार शर्मा कार्य करेंगे।
नरेशचंद गुप्ता बने सिविल बार एसो. के अध्यक्ष